Newshaat_Logo

पटना के तीन गंगा घाटों को मिली नई पहचान, 46.26 करोड़ की लागत से विकसित भद्र, महावीर और नौजर घाट का CM सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण

 
पटना के तीन गंगा घाटों को मिली नई पहचान, 46.26 करोड़ की लागत से विकसित भद्र, महावीर और नौजर घाट का CM सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण

Bihar news: राजधानी पटना में गंगा किनारे नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) की ओर से करीब 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए इन तीनों घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने तीनों घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से उन्हें परियोजना के तहत कराए गए विकास कार्यों और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगाजल स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं प्रगति की कामना की।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए गंगा घाट

विकास परियोजना के तहत भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट को पक्का बनाया गया है। घाटों पर आधुनिक वॉक-वे, हाई मास्ट लाइट, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ गंगा स्नान और पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पहले इन घाटों पर कच्ची जमीन होने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्के घाटों के निर्माण से स्नान और धार्मिक अनुष्ठान करने में सहूलियत होगी। खासकर छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए ये सुविधाएं काफी उपयोगी साबित होंगी।

सालभर श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था

सरकार के मुताबिक, इन घाटों के विकास का उद्देश्य सिर्फ सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना भी है। आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और स्वच्छता के इंतजाम से घाटों पर सुरक्षा और सुविधा दोनों बेहतर होने की उम्मीद है। वर्षभर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को इन विकसित घाटों का लाभ मिल सकेगा।

परियोजना के जरिए पटना में शहरी आधारभूत संरचना को मजबूती देने के साथ-साथ नियोजित और सतत शहरी विकास को गति देने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी सहित मुख्यमंत्री और नगर विकास विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।