बिहार विधानसभा में देशभक्ति का रंग: महिला कर्मियों ने गीतों से बांधा समां, राज्यपाल बोले- तिरंगे जैसा कोई दूसरा झंडा नहीं
Patna: आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में शनिवार को देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह का उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
पहली बार महिला कर्मियों के बीच हुई देशभक्ति गीत प्रतियोगिता
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहली बार बिहार विधानसभा सचिवालय की महिला पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला शक्ति की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे इसे केवल प्रतियोगिता के रूप में न लें, बल्कि अपने गीतों के जरिए देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त करें। अध्यक्ष ने सभी से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
‘तिरंगे जैसा कोई दूसरा झंडा नहीं’
राज्यपाल सय्यद अता हसनैन ने कहा कि देशभक्ति को व्यक्त करने के तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन गीत, संगीत, नृत्य और सामाजिक गतिविधियां राष्ट्रभावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। सेना के बैंड और सीमाओं पर तिरंगा फहराने की परंपरा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, शान और गौरव का प्रतीक है।
राज्यपाल ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में बिहार के योगदान और बलिदानियों को याद किया। उन्होंने गलवान घाटी में शहीद हुए बिहार के जवानों के सर्वोच्च बलिदान को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
देशभक्ति गीतों से गूंज उठा सभागार
प्रतियोगिता में ग्रुप-ए, ग्रुप-बी और ग्रुप-सी की प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। सामूहिक गायन में देश के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र के प्रति प्रेम की भावनाएं साफ नजर आईं। वहीं ‘जस्ट डांस ग्रुप, गयाजी’ की विशेष नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में ग्रुप-बी ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल, ग्रुप-ए ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल और ग्रुप-सी ने तीसरा स्थान हासिल कर ब्रांज मेडल जीता। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा प्रशिक्षण के दौरान शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले चार प्रतिभागियों और प्रत्येक ग्रुप के दो-दो लीड सिंगर को भी पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. नीतू कुमारी नूतन, पंडित अभिषेक मिश्रा और सोमा दास सहित दोनों प्रशिक्षकों कमलेश और सिमरन श्रुति को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों को अंगवस्त्र, नवपौध और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। समारोह में विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, विधानसभा सचिव पूनम सिन्हा सहित सचिवालय के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







