पवन सिंह पर अभद्र टिप्पणी पड़ी भारी, साइबर पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
Bihar news: भोजपुरी सिनेमा के अभिनेता और गायक पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बिहार पुलिस की साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी सोनू यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पवन सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की थीं। इस मामले में करीब 15 दिन पहले पवन सिंह के परिवार की ओर से भोजपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
साइबर पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की गई। आखिरकार भोजपुर साइबर थाना की टीम ने आमस थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह पोस्ट अकेले की थी या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भी भूमिका है। जांच के दौरान आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन गतिविधियों और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
आमस थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति की छवि खराब करने, अपमानजनक टिप्पणी करने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर पुलिस की इस कार्रवाई को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।







