Movie prime

विश्व संवाद केंद्र में ‘फूलों की होली’: पत्रकारों ने दिया हर्बल रंगों से प्रकृति संरक्षण का संदेश

 
विश्व संवाद केंद्र में ‘फूलों की होली’: पत्रकारों ने दिया हर्बल रंगों से प्रकृति संरक्षण का संदेश
Bihar news: राजधानी में होली की मस्ती इस बार कुछ अलग अंदाज में दिखी। विश्व संवाद केंद्र में पत्रकारों ने फूलों और हर्बल गुलाल के साथ होली खेलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रंगों के इस उत्सव में शहर के विभिन्न समाचार माध्यमों से जुड़े पत्रकारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

संस्था के सचिव डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि हर्बल होली मनाने का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जुड़ने का संदेश देना है। रासायनिक रंगों से दूरी बनाकर पारंपरिक और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाना ही समाज के हित में है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने कहा कि हमारे पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक ऊर्जा के स्रोत हैं। होली जीवन में उल्लास और सकारात्मकता का संचार करती है।

वरिष्ठ पत्रकार मणिकांत ठाकुर ने इसे प्रेम और सौहार्द का पर्व बताया, जबकि प्रवीण बागी ने होली को उमंग और भाईचारे का त्योहार कहा। कार्यक्रम में दैनिक जागरण के संपादक अश्विनी कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राकेश प्रवीर, कृष्णकांत ओझा, रमन शुक्ला, प्रमोद पांडेय, सुबोध कुमार नंदन, जयशंकर बिहारी, राजेश ओझा, रजनीश कुमार, मृत्युंजय मानी समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।

साथ ही संघ के विभिन्न दायित्वधारी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। फूलों की खुशबू और हर्बल रंगों के बीच मनाई गई यह होली न सिर्फ रंगों का उत्सव बनी, बल्कि पर्यावरण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दे गई।