पितृपक्ष मेला 2026: घर से गयाजी तक आस्था का सफर, पर्यटन निगम ने तैयार किए पिंडदान के खास पैकेज
Gayaji News: पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर बिहार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग ने सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने गया में पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई तरह के पैकेज तैयार किए हैं। खास बात यह है कि इन पैकेज में सिर्फ पिंडदान ही नहीं, बल्कि घर से आने-जाने की सुविधा, पूजा सामग्री, होटल में ठहरने और भोजन जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल हैं।
25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले पितृपक्ष मेला अवधि में श्रद्धालु अपनी सुविधा और बजट के अनुसार अलग-अलग पैकेज चुन सकेंगे। सेडान या हैचबैक कार के जरिए श्रद्धालुओं को निर्धारित धार्मिक स्थलों तक ले जाने और अनुष्ठान पूरा होने के बाद वापस गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
पटना से गयाजी और राजगीर-नालंदा तक विकल्प
पर्यटन निगम के पैकेज में पटना से पुनपुन घाट होते हुए गयाजी पहुंचने का विकल्प है। इसके अलावा कुछ पैकेज में पिंडदान के साथ नालंदा और राजगीर का भ्रमण भी शामिल किया गया है।
राजगीर में विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। इन पर्यटन स्थलों और स्मारकों के प्रवेश टिकट भी पैकेज में शामिल किए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए 3-स्टार, सेमी-लग्जरी और बजट एसी होटल की श्रेणियां रखी गई हैं। बोधगया में होटल स्टार, होटल गौतम, गीतांजलि, बुद्धा रिजॉर्ट और निरंजना रिजॉर्ट जैसे विकल्प उपलब्ध होंगे।
कौन-कौन से पैकेज तैयार किए गए?
पैकेज-ए: पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–पटना
यह एक दिन का पिंडदान पैकेज है। होटल की श्रेणी और यात्रियों की संख्या के आधार पर इसकी कीमत 14,550 रुपये से 30,650 रुपये तक है।
पैकेज-बी: पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–नालंदा–राजगीर–पटना
यह एक रात और दो दिन का पैकेज है। इसमें पिंडदान के साथ नालंदा और राजगीर भ्रमण भी शामिल है। एक यात्री के लिए शुल्क 18,850 रुपये और चार यात्रियों के लिए 40,700 रुपये निर्धारित है।
पैकेज-सी: गयाजी एक-दिवसीय पिंडदान
सिर्फ गयाजी में पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस पैकेज की कीमत 11,250 रुपये से शुरू होकर 25,250 रुपये तक है।
पैकेज-डी: गयाजी एक रात-दो दिन
देर रात, सुबह या शाम के समय पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर यह पैकेज तैयार किया गया है। एक व्यक्ति के लिए शुल्क 16,000 रुपये और चार यात्रियों के लिए 39,500 रुपये है।
पैकेज-ई: गयाजी–राजगीर–नालंदा
एक रात और दो दिन के इस पैकेज में पिंडदान के साथ पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इसकी कीमत होटल श्रेणी और यात्रियों की संख्या के आधार पर 16,550 रुपये से 32,850 रुपये तक है।
23 हजार रुपये में ई-पिंडदान की सुविधा
जो श्रद्धालु किसी कारण से खुद गयाजी नहीं पहुंच सकते, उनके लिए पर्यटन निगम ने 23 हजार रुपये का ई-पिंडदान पैकेज भी तैयार किया है। इसमें धार्मिक अनुष्ठान की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग कर पेन ड्राइव तैयार की जाएगी और इसे पंडा के माध्यम से श्रद्धालु तक पहुंचाया जाएगा।
पर्यटन निगम के आंकड़ों के मुताबिक 2023 से 2025 के बीच 30 श्रद्धालुओं ने ई-पिंडदान पैकेज का लाभ लिया। वहीं सामान्य पिंडदान पैकेज के जरिए 150 श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान कराया। इस तरह तीन वर्षों में कुल 180 श्रद्धालु इन पैकेजों से जुड़े।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से बुकिंग
ई-पिंडदान पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग bookingtourism.bihar.gov.in के जरिए की जा सकती है। ऑफलाइन बुकिंग के लिए बुकिंग क्लर्क नागेंद्र कुमार रजक से 8544418408 या 8294307690 पर संपर्क किया जा सकता है।
पर्यटन निगम का उद्देश्य पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को पिंडदान के साथ यात्रा, ठहरने और भोजन की सुविधाएं एक ही पैकेज में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए भटकना न पड़े।







