बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के 98वें वार्षिक आमसभा में पी0 के0 अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
Patna Desk: आज अपराह्न में बिहार चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज का 98वां वार्षिक आमसभा चैम्बर के साहु जैन हाल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सुभाष कुमार पटवारी ने की एवं अपने एक साल के सत्र 2024-2025 का लेखा-जोखा तथा चैम्बर की गतिविधियों से आमसभा को अवगत कराया जिसका आमसभा ने सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।
आमसभा में विधिवत सत्र 2025-2026 के लिए पी0 के0 अग्रवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुए। एन0 के0 ठाकुर एवं विशाल टेकरीवाल उपाध्यक्ष एवं राजेश जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए जबकि मुकेश कुमार जैन महामंत्री निर्वाचित हुए।
वार्षिक आमसभा ने निम्नलिखित सदस्यों को चैम्बर का सत्र 2025-2026 के लिए कार्यकारिणी समिति का सदस्य निर्वाचित किया - अभीजीत वैद, अजय कुमार, अखिलेश कुमार, आलोक कुमार पोद्दार, सीए अंजन विश्वास, आशीष कुमार अग्रवाल, जय प्रकाश तोदी, महेश बहरूस, मनोज कुमार बेंगानी, राहुल कुमार अग्रवाल, राजा बाबु गुप्ता, राज कुमार अग्रवाल, सुनील सर्राफ, विशाल जैन, विष्णु कुमार सुरेका एवं बिनोद कुमार।
चैम्बर की वार्षिक आमसभा ने निम्नलिखित विषयों पर प्रस्ताव पारित किये यथा - उद्योग, उर्जा, जीएसटी, बैंकिंग, नगर विकास, पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण, श्रम, इन्फ्रास्ट्रक्चर, आई टी, सूचना का अधिकार एवं संचार आदि। आम सभा द्वारा पारित इन प्रस्तावों को राज्य सरकार एवं भारत सरकार के संबंधित विभागों को आवश्यक निर्णय लेने हेतु समर्पित किया जाएगा।
नव निर्वाचित अध्यक्ष पी0 के0 अग्रवाल ने इस अवसर पर औद्योगिक विकास हेतु राज्य सरकार द्वारा लिए गए बहुत से निर्णय का स्वागत किया जैसे - बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज- 2025 जिसके अन्तर्गत मुफ्त में भी जमीन उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है जो प्रशंसनीय है तथा इसका देश में सरकार के सकारात्मक रूख का एक अच्छा संदेह गया है।
औद्योगिक इकाइयों के लिए जिनकी भूमि का आवंटन रद्द हो चुका है या जो न्यूनतम/आंशिक रूप से कार्यरत हैं, वैसे औद्योगिक भूमि को पुनः उपयोग में लाने व विवादों को समाप्त करने के लिए बियाडा की ओर से लायी गयी एमनीस्टी पालिसी 2025 उत्साहवर्धक है और यह काफी सारे उद्यमियों को राहत प्रदान करेगा।
इस वर्ष के प्रारम्भ में उद्योग विभाग की ओर से इन्वेस्ट बिहार समिट का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 1.80 लाख करोड़ के निवेश पर एमओयू हुआ यह राज्य के उद्योगों को गति प्रदान करने में सहायक होगा। आधारभूत संरचना यथा- रेल, रोड, पुल, हवाई सम्पर्क को बेहतर बनाने की दिशा में भी काफी अच्छे कार्य हुए हैं जो राज्य के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति प्रदान करेगा।
अगवाल ने सर्वसम्मति से चैम्बर का अध्यक्ष निर्वाचित करने के लिए सभी सम्मानित सदस्यों को अपने पूरी टीम की ओर से धन्यवाद दिया एवं उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी पूरी टीम राज्य के व्यवसायियों एवं उद्यमियों के हितों के लिए सदैव तत्पर एवं पूर्णरूपेण समर्पित रहेगा।







