युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा: सम्राट चौधरी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई; PM मोदी ने फास्ट ट्रैक कोर्ट का किया ऐलान
Patna: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों को लेकर सख्त संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सपनों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार युवाओं के हितों से जुड़े मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
PM मोदी ने फास्ट ट्रैक कोर्ट का किया ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिस पोस्ट को साझा किया है, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युवाओं के भविष्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के उद्देश्य से फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का निर्णय लिया गया है।
PM मोदी ने कहा कि देश के युवाओं के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।
छात्र आंदोलन के बीच बयान से गरमाई सियासत
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब देश के कई हिस्सों में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर माहौल गर्म है। बिहार में NEET प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने पटना में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद यह मुद्दा और ज्यादा तूल पकड़ गया।
इससे पहले दिल्ली में भी छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर विरोध देखने को मिला था। बिहार में इस मामले की गूंज विधानसभा और विधान परिषद तक पहुंची, जहां विपक्ष ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से प्रदर्शन के दौरान विधायकों और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और हमले का मुद्दा उठाया गया। दोनों सदनों में इस मुद्दे को लेकर जोरदार हंगामा हुआ, जिसके चलते सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हुई।
ऐसे राजनीतिक माहौल के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का युवाओं के भविष्य को लेकर दिया गया यह बयान सरकार की सख्त नीति का संकेत माना जा रहा है।







