Newshaat_Logo

पूर्णिया की बड़ी उड़ान: अब दिल्ली-कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी, पीएम मोदी करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन

 
पूर्णिया की बड़ी उड़ान: अब दिल्ली-कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी, पीएम मोदी करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन

Purnia: बिहार को जल्द ही चौथा एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। अब तक पटना, गया और दरभंगा ही राज्य की हवाई यात्रा की पहचान थे, लेकिन अब पूर्णिया एयरपोर्ट (PXN) शुरू होने से कोशी और सीमांचल इलाके की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। इंडिगो की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग खुलते ही स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

15 सितंबर को होगा भव्य उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दिन न केवल पूर्णिया की उड़ान आसमान छुएगी, बल्कि बिहार की राजनीति में भी नई हलचल देखने को मिलेगी।

दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान

शुरुआती चरण में इंडिगो दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करेगा। वहीं, स्टार एयर कोलकाता और अहमदाबाद से कनेक्टिविटी देने जा रहा है। इसके अलावा एयर इंडिया और स्पाइसजेट भी प्रक्रिया के अंतिम चरण में हैं। यानी आने वाले समय में यह एयरपोर्ट बिहार का बड़ा एविएशन हब बनने की ओर बढ़ रहा है।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट

पूर्णिया एयरपोर्ट का पहला टर्मिनल एक समय में 300 यात्रियों को समायोजित कर सकेगा। वहीं दूसरा टर्मिनल बनने के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 1000 यात्रियों की हो जाएगी, जिससे यह राज्य का सबसे बड़ा एयरपोर्ट कहलाएगा।
यहां रनवे, एप्रोन, कार्गो कॉम्प्लेक्स, एसी चिलर प्लांट, एसटीपी, वॉटर एंड फायर टैंक, इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, एविएशन फ्यूल फार्म, एडमिन ऑफिस, कमर्शियल प्लाज़ा, सर्फेस पार्किंग और एयरोब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी।

सियासत में भी गहराया तकरार

इस उद्घाटन को लेकर राजनीति के गलियारों में खींचतान भी शुरू हो चुकी है। सत्ता पक्ष इसे “बिहार के विकास की नई उड़ान” बता रहा है, जबकि विपक्ष इसे “चुनावी स्टंट और कागज़ी वादे” करार दे रहा है। विपक्षी नेताओं का सवाल है – “क्या हवाई अड्डा खुलते ही रोजगार और निवेश की बरसात होने लगेगी?”
वहीं, समर्थकों का कहना है कि “पटना से बाहर भी बिहार का आसमान चमकेगा, यही असली बदलाव है।”