Newshaat_Logo

पटना में सियासी संग्राम: सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव; कई घायल

 
पटना में सियासी संग्राम: सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव; कई घायल

Patna: राजधानी पटना में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार टकराव हो गया। सदाकत आश्रम स्थित बिहार कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के साथ जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।

दरअसल, दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने पटना में मार्च निकालने का ऐलान किया था। भाजपा कार्यकर्ता सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया।

बताया जा रहा है कि भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस के कई कार्यकर्ता पहले से ही सदाकत आश्रम में जुटे हुए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के कई नेता भी कार्यालय में मौजूद थे। दोपहर करीब दो बजे भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सदाकत आश्रम पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

कुछ ही देर में दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई और कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई। कांग्रेस कार्यालय की ओर भी लगातार पत्थर फेंके जाने की बात कही जा रही है।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प का असर यातायात पर भी पड़ा। प्रदर्शन और हंगामे के कारण दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इससे आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के राजनीतिक घटनाक्रम से शुरू हुआ यह विरोध अब पटना की सड़कों तक पहुंच गया है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुई हिंसक झड़प के बाद बिहार में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तनाव और बढ़ने के आसार हैं।