पाठशाला पर सियासी संग्राम! सदन में राजू तिवारी का तेजस्वी पर पलटवार- ‘आपकी पाठशाला से सिर्फ परिवार ही आगे बढ़ा’
इसी दौरान चिराग पासवान की पार्टी के विधायक राजू तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। तिवारी ने साफ कहा कि उनकी पार्टी पूरी मजबूती के साथ सरकार के समर्थन में खड़ी है और विश्वास मत में साथ देगी।
सदन में “पाठशाला” वाले बयान को लेकर राजू तिवारी ने तेजस्वी यादव को घेरते हुए कहा कि जो दूसरों की पाठशाला पर सवाल उठा रहे हैं, उनकी अपनी “पाठशाला” से केवल परिवार के लोग ही आगे बढ़े हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी खुद नीतीश कुमार की “पाठशाला” में रहकर दो बार उपमुख्यमंत्री बने हैं, फिर भी सच्चाई स्वीकार करने से बच रहे हैं।
तिवारी ने आगे कहा कि लोकतंत्र के इस “मंदिर” में विपक्ष पहले पीड़ा जताता है और फिर धन्यवाद देता है, लेकिन असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने तेजस्वी पर घमंड का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जमीनी सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।
विश्वास मत के बीच इस तरह की तीखी बयानबाजी ने साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति फिलहाल गरम दौर में है, जहां हर बयान पर सियासी वार-पलटवार जारी है।







