पटना में ‘नारी शक्ति’ का सियासी विस्फोट! महिला आरक्षण पर BJP का आक्रोश मार्च, सड़कों पर उतरीं हजारों महिलाएं
हाथों में पोस्टर और नारों के साथ महिलाएं विपक्ष पर तीखा हमला बोल रही हैं। प्रदर्शन में “नारी शक्ति की झूठी कहानी, कांग्रेस की आदत पुरानी” और “हम भारत की नारी हैं, राजद-कांग्रेस पर भारी हैं” जैसे नारे गूंज रहे हैं। महिलाओं ने साफ कहा- “अब सिर्फ वादे नहीं, हक लेकर रहेंगे।”
इस सम्मेलन में मंच पर पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह, लेसी सिंह और पटना मेयर सीता साहू मौजूद हैं। कार्यक्रम में थोड़ी देर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा का कहना है कि महिलाओं के 33% आरक्षण का मुद्दा अब केवल राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि अधिकार की निर्णायक लड़ाई बन चुका है। पार्टी इस आंदोलन के जरिए महिलाओं के हक की आवाज को और बुलंद करने की तैयारी में है।
पटना की सड़कों पर उमड़ी यह भीड़ साफ संकेत दे रही है कि महिला आरक्षण का मुद्दा अब बिहार की राजनीति में बड़ा चुनावी एजेंडा बनने जा रहा है।







