Newshaat_Logo

बिहार में बंगले पर बढ़ा सियासी घमासान: 10 सर्कुलर रोड छोड़ने को तैयार नहीं लालू परिवार, नए आवास में शिफ्टिंग की चर्चा तेज

 
बिहार में बंगले पर बढ़ा सियासी घमासान: 10 सर्कुलर रोड छोड़ने को तैयार नहीं लालू परिवार, नए आवास में शिफ्टिंग की चर्चा तेज

Patna News: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर सियासी विवाद लगातार गहराता जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक लालू परिवार ने आवास नहीं छोड़ा है, जिससे राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

सरकारी आदेश के अनुसार राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास में स्थानांतरित होना था, लेकिन निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी बंगला खाली नहीं किया गया। इस बीच राबड़ी देवी ने भी सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि सरकार चाहती है तो बल प्रयोग कर बंगला खाली करा सकती है।

दूसरी ओर, पटना के कौटिल्य नगर में लालू प्रसाद यादव के नए निजी आवास का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस दो मंजिला भवन को तेजी से तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मलमास समाप्त होने के बाद लालू-राबड़ी परिवार यहां गृह प्रवेश कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक मौजूदा सरकारी आवास से कुछ सामान नए घर में पहुंचाया भी जा चुका है।

राजनीतिक रूप से दिलचस्प पहलू यह है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला पहले ही राज्य सरकार द्वारा पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में अब निगाहें भवन निर्माण विभाग और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि वे कानूनी कार्रवाई करते हैं या फिर एक और नोटिस जारी किया जाता है।

फिलहाल यह मामला सिर्फ एक सरकारी आवास तक सीमित नहीं रह गया है। सत्ता और विपक्ष दोनों इसे राजनीतिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में यह विवाद बिहार की राजनीति में और बड़ा मुद्दा बन सकता है।