Newshaat_Logo

बेतिया में सियासी घमासान: सांसद संजय जायसवाल का बड़ा हमला, कहा– “मनोज कुमार प्रमोटी आईएएस होंगे, डायरेक्ट नहीं”

 
बेतिया में सियासी घमासान: सांसद संजय जायसवाल का बड़ा हमला, कहा– “मनोज कुमार प्रमोटी आईएएस होंगे, डायरेक्ट नहीं”

Patna Desk: पश्चिम चंपारण (बेतिया) से भाजपा सांसद एवं लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार पर तीखा हमला बोला। सांसद ने एनएच-727 पर स्थित पेट्रोल पंप और नगर निगम महापौर गरीमा देवी सिकारिया द्वारा पेट्रोल-डीजल से जुड़े आरोपों को भ्रामक करार दिया।

प्रेस वार्ता में सांसद संजय जायसवाल के साथ चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह, नौतन विधायक नारायण साह और मंत्री सह बेतिया विधायक रेणु देवी भी मौजूद रहे।

पेट्रोल पंप विवाद पर सफाई

जायसवाल ने साफ कहा कि एनएच 727 पर स्थित पेट्रोल पंप उनका नहीं है। “वह किसी और के नाम पर रजिस्टर्ड है। रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से भी पंप पर कोई असर नहीं पड़ा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अपर सचिव मनोज कुमार ने गलत रिपोर्ट दी है कि पेट्रोल-डीजल बिना जीएसटी बिल के बेचा गया। “देश के किसी भी राज्य में डीजल और पेट्रोल पर जीएसटी लागू ही नहीं है,” सांसद ने कहा।

‘गधा कहना गधे का अपमान होगा’

मनोज कुमार को लेकर सांसद का गुस्सा चरम पर दिखा। उन्होंने कहा, “मनोज कुमार शायद प्रमोटी आईएएस होंगे, डायरेक्ट नहीं। उन्हें आईएएस ऑफिस के चपरासियों के साथ पहले ट्रेनिंग लेनी चाहिए। गधा कहना भी गधे का अपमान होगा।”

मानहानि का केस दायर करने की चेतावनी

सांसद ने एमएलसी अफाक अहमद, जनसुराज के प्रशांत किशोर और महापौर गरीमा देवी सिकारिया पर उनके खिलाफ साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तीनों से वे सार्वजनिक माफी मांगेंगे, नहीं तो ₹132 करोड़ का मानहानि केस ठोकेंगे। साथ ही पेट्रोल पंप मालिक ने भी गलत रिपोर्ट पर ₹100 करोड़ से अधिक का मानहानि दावा करने की तैयारी जताई है।

रिपोर्टर: आशीष कुमार