बिहार चुनाव से पहले सियासत गरमाई: दिल्ली में BJP की बैठक, पटना में तेजस्वी ने बुलायी RJD विधायक दल की बैठक
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां दिल्ली में आज बिहार बीजेपी की बड़ी बैठक होने जा रही है, वहीं पटना में भी माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अचानक राजद विधायक दल की बैठक बुलाकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
तेजस्वी आवास पर जुटेंगे विधायक
सूत्रों के मुताबिक, दोपहर में यह बैठक तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में उनके आवास, एक पोलो रोड पर होगी। बैठक में सभी राजद विधायक शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
वोटर अधिकार यात्रा के बाद RJD मोड में
1 सितंबर को पटना में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कई मंचों से खुद को सीएम उम्मीदवार घोषित किया। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस पर कोई स्पष्ट सहमति नहीं दी गई। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राहुल गांधी का रुख, सीट बंटवारे के दौरान राजद के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
सीट बंटवारे पर मंथन
बैठक में सीट बंटवारे को लेकर खास चर्चा होने की संभावना है। महागठबंधन और एनडीए—दोनों ही खेमों में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान चल रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सितंबर में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। ऐसे में दोनों गठबंधनों के लिए इसी महीने सीट बंटवारे का फाइनल करना मजबूरी होगा।







