प्रकाश पर्व... 9 से 16 जनवरी तक होगा आयोजन, टेंट सिटी बनेगी, 1000 ड्रोन का शो होगा
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में श्री गोविंद सिंह महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 9 से 16 जनवरी तक 'बिहार है तैयार-जी आयां नू' थीम पर भव्य तरीके से मनाया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए राज्य सरकार और पटना नगर निगम ने कमर कस ली है। मंगलवार को एक तरफ मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर 31 दिसंबर तक सभी काम पूरे करने का अल्टीमेटम दिया, तो दूसरी तरफ मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में प्रकाश पर्व की विशेष तैयारियों के लिए करीब 2 करोड़ के बजट और 700 से अधिक अतिरिक्त मैनपावर की तैनाती को मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आतिथ्य में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी
सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम :
9 और 10 जनवरी को ज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन होगा। 10 को गांधी मैदान में सभ्याचार कार्यक्रम होगा।
ठहराव : कंगन घाट से गुरु का
बाग तक 20,000 श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी और 10,000 लोगों के लिए दीवान हॉल बनेगा। श्रद्धालुओं और 10,000 पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए 62 स्कूल भी चिह्नित किए गए हैं।
ड्रोन शो और आतिशबाजी : 15 जनवरी को आसमान में 1,000 ड्रोन का भव्य शो, 16 जनवरी को आतिशबाजी होगी।
सड़क और बिजली : अशोक राजपथ, न्यू बाइपास लिंक पथ और पटना साहिब स्टेशन की सड़कों की मरम्मत
आवागमन और लंगर : श्रद्धालुओं के लिए गंगा में गायघाट से कंगन घाट के बीच आधुनिक कैटामरैन चलाया जाएगा। वहीं, अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से अतिरिक्त विमान के साथ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। सुधा डेयरी दूध, पनीर और घी की आपूर्ति करेगी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा कंगन घाट,
बाइपास और गांधी मैदान में अस्थायी अस्पताल बनेंगे। पीएमसीएच, एनएमसीएच और सदर अस्पताल में डेडिकेटेड वार्ड रहेंगे। एयरपोर्ट और प्रमुख स्टेशनों समेत 14 जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए 15 नए चेकपोस्ट बनेंगे।







