बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप, बोले- ‘जन सुराज को रोकने के लिए सरकारी तंत्र का हो रहा इस्तेमाल’
Bihar News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने रविवार को बीजेपी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में उनकी पार्टी को रोकने के लिए सरकारी तंत्र का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी अपने मजबूत गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर गई है और पार्टी के बड़े नेता लगातार क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के बढ़ते प्रभाव का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक, बीजेपी के नेता अब गली-गली जाकर प्रचार करने को मजबूर हैं और इसे वह जन सुराज की लोकतांत्रिक जीत के तौर पर देखते हैं।
‘जन सुराज कार्यकर्ताओं के होटलों में हो रही छापेमारी’
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जन सुराज के कार्यकर्ता जिन होटलों में ठहरे हुए हैं, वहां प्रशासन की ओर से छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं से होटल के बिल का भुगतान कौन कर रहा है, इस तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर जन सुराज के अभियान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि वह इन सभी मामलों को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे और अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
जीविका दीदियों को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
प्रशांत किशोर ने पटना के जिलाधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जीविका दीदियों को बीजेपी के पक्ष में मतदान कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उनका आरोप है कि सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर जीविका दीदियों को चुनावी गतिविधियों में लगाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि लोगों को सरकारी योजनाओं और राशन का लाभ बंद होने का डर दिखाकर बीजेपी के पक्ष में वोट देने के लिए प्रभावित किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन या बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रशांत किशोर ने चेतावनी दी कि अगर अगले 24 घंटे में चुनाव से जुड़े गैर-सरकारी लोगों को नहीं हटाया गया, तो वह चुनाव आयोग के सामने धरने पर बैठेंगे।
तेज प्रताप यादव के मामले का भी उठाया जिक्र
जन सुराज प्रत्याशी ने तेज प्रताप यादव के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि तेज प्रताप यादव ने एक दिन पहले जन सुराज को समर्थन दिया था और इसके बाद उन्हें रात में जेल भेज दिया गया। प्रशांत किशोर ने इस घटनाक्रम को भी चुनावी कार्रवाई से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए।
CJP आंदोलन और सोनम वांगचुक का भी किया समर्थन
प्रशांत किशोर ने CJP आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में आंदोलन से जुड़े लोगों का स्वागत है। उन्होंने सोनम वांगचुक को अपना मित्र बताते हुए कहा कि वह देश के प्रमुख शिक्षाविदों में से एक हैं।
उन्होंने कहा कि जब जनता मजबूती के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़ी होती है तो सरकारों को भी जवाब देना पड़ता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि यह जवाबदेही की शुरुआत है और आने वाले समय में इसका असर दिखाई देगा।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बीजेपी को बांकीपुर उपचुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए पूरा सरकारी तंत्र उसके पक्ष में इस्तेमाल किया जा रहा है। अब उनके इन आरोपों के बाद बांकीपुर उपचुनाव की सियासत और गरमाने के आसार हैं।







