पालीगंज में प्रशांत किशोर का बड़ा हमला और वादा: “इस बार नेताओं का नहीं, अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट दीजिए”
Patna: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को पटना जिले के पालीगंज विधानसभा क्षेत्र के दुल्हिन बाजार स्थित पानी टंकी मैदान में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ में सरकार और विपक्ष दोनों पर जमकर निशाना साधा।
“बच्चों की चिंता करें, नेता नहीं करेंगे”
सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “लोग कहते हैं हमने 56 इंच सीने के लिए मोदी को वोट दिया, लेकिन आज अपने बच्चों का सीना 15 इंच का रह गया है। उनके शरीर पर कपड़ा नहीं, पैरों में चप्पल नहीं। इसलिए अपने बच्चों की चिंता कीजिए, कोई नेता आपकी औलाद की चिंता नहीं करेगा।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार के लोगों को लालू प्रसाद यादव से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है। “लालू जी का बेटा 9वीं पास नहीं है, लेकिन फिर भी वे चाहते हैं कि वह राजा बने। दूसरी ओर, बिहार के लाखों पढ़े-लिखे नौजवान मैट्रिक, बीए, एमए करने के बावजूद बेरोजगार हैं।”
“मोदी ने मंदिर बनाया, नीतीश ने जाति गणना कराई”
प्रशांत किशोर ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा – “लोगों ने मोदी जी को मंदिर बनाने के लिए वोट दिया, वह बन गया। जाति के नाम पर वोट दिया तो नीतीश कुमार ने जाति गणना करा दी। लेकिन जब बात रोजगार और फैक्ट्री लगाने की आती है, तो बिहार का वोट और पैसा गुजरात चला जाता है, जहां के कारखानों में हमारे युवा 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करते हैं।”
छठ के बाद बदलने का वादा
सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने पालीगंज की जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा:
• “छठ के बाद बिहार के युवाओं को बाहर जाकर मजदूरी नहीं करनी पड़ेगी। राज्य के 50 लाख युवाओं को यहीं 10-12 हजार रुपये का रोजगार दिया जाएगा।”
• “दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी।”
• “जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं हो जाता, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दिलाई जाएगी। फीस सरकार भरेगी, ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम में पढ़ सके।”
“इस बार बच्चों के लिए वोट करें”
सभा के अंत में प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की – “इस बार न लालू को वोट दें, न नीतीश को और न मोदी को। इस बार अपने बच्चों की पढ़ाई और नौकरी के लिए वोट कीजिए। इस बार बिहार को बदलने का मौका है।”







