Newshaat_Logo

बिहार में 25 नई चीनी मिलें लगाने की तैयारी तेज, हर मिल क्षेत्र में 5 हजार हेक्टेयर गन्ना खेती का लक्ष्य

 
बिहार में 25 नई चीनी मिलें लगाने की तैयारी तेज, हर मिल क्षेत्र में 5 हजार हेक्टेयर गन्ना खेती का लक्ष्य
News Haat Desk: राज्य में बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के साथ-साथ 25 नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में सरकार ने तेज कदम बढ़ाए हैं। ‘सात निश्चय-3’ के तहत गन्ना उद्योग विभाग ने नई मिलों को पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर गन्ना क्षेत्र विस्तार की योजना तैयार की है।

हर नई मिल के लिए 5 हजार हेक्टेयर गन्ना

विभाग ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक प्रस्तावित नई चीनी मिल के क्षेत्र में कम से कम 5 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि नई और वर्तमान में संचालित मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सके और उत्पादन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

रोजगार सृजन से जुड़ा है लक्ष्य

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य तय किया है। 25 नई चीनी मिलों की स्थापना को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे न केवल प्रत्यक्ष रोजगार बढ़ेगा, बल्कि खेती, परिवहन और सहायक उद्योगों में भी अवसर पैदा होंगे।

अधिकारियों से मांगी गई कार्य योजना

गन्ना क्षेत्र विस्तार को लेकर विभाग ने बगहा, बेतिया, मोतिहारी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सीवान समेत अन्य जिलों के सहायक निदेशकों और सभी चीनी मिलों के महाप्रबंधकों को पत्र भेजकर विस्तृत कार्य योजना मांगी है। लक्ष्य के अनुरूप खेती बढ़ाने के लिए जल्द कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

25 जिलों में भूमि चयन की प्रक्रिया

नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए 25 जिलों के जिलाधिकारियों को भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक मिल के लिए लगभग 100 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अधिकांश जिलों में जमीन चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।

सरकार का दावा है कि गन्ना क्षेत्र के इस विस्तार से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।