Newshaat_Logo

भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अर्पित की श्रद्धांजलि

 
भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Bihar news: भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस के अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आदिवासी समाज को संगठित कर अन्याय और शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।

सभापति ने कहा कि कम उम्र में ही बिरसा मुंडा ने समाज में जागरूकता, आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति चेतना पैदा की। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी।

अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और सामाजिक समरसता के लिए बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलकर एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प लें। सभापति ने कहा कि उनका योगदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।

बलिदान दिवस के अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्य स्मृति को शत-शत नमन करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को देश की अमूल्य विरासत बताया।