Movie prime

शराबबंदी या होम डिलीवरी?” जहानाबाद में शिव चन्द्र राम का NDA पर हमला, बोले– 24 घंटे मिल रही शराब

• पूर्व मंत्री ने सरकार की नीति और क्रियान्वयन पर उठाए सवाल
• संत रविदास जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान
 
शराबबंदी या होम डिलीवरी?” जहानाबाद में शिव चन्द्र राम का NDA पर हमला, बोले– 24 घंटे मिल रही शराब
Bihar news: बिहार में शराबबंदी को लेकर सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। जहानाबाद पहुंचे राजद के पूर्व मंत्री शिव चन्द्र राम ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “शराबबंदी कागजों पर है, जमीनी हकीकत में 24 घंटे शराब की होम डिलीवरी हो रही है।”

मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि पहले रात के समय शराब की बिक्री पर रोक लगती थी, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि दिन-रात खुलेआम उपलब्धता की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार दोनों जगह एनडीए की सरकार है, प्रशासन उनके नियंत्रण में है, फिर भी अवैध बिक्री पर लगाम नहीं लग पा रही है।

उन्होंने शराबबंदी की समीक्षा को लेकर सत्ता पक्ष में चल रही चर्चाओं पर भी सवाल उठाए और कटाक्ष करते हुए कहा, “एक मोदी जी के हनुमान हैं और एक अमित शाह जी के हनुमान हैं।” साथ ही “बुलडोजर बाबा” पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कार्रवाई गरीबों की झोपड़ियों पर होती है, लेकिन बड़े शराब माफियाओं पर सख्ती नहीं दिखती।

संत रविदास जयंती की तैयारियां तेज

राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ सामाजिक आयोजन को लेकर भी बैठक हुई। 22 फरवरी को पटना के मिलन हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाली 649वीं संत रविदास जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर संत रविदास चेतना मंच द्वारा जहानाबाद में बैठक की गई।

बैठक में मखदुमपुर से राजद विधायक सूबेदार दास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नेताओं ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश देते हैं, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।

बैठक के अंत में संत रविदास जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया और जिलेवासियों से भारी संख्या में भागीदारी की अपील की गई।

रिपोटर: पवन कुमार, जहानाबाद