वार्ड 11 में PDS दुकानों के संचालन को लेकर सवाल, 5 में 4 दुकानें वार्ड से बाहर; पार्षद ने SDO से की जांच की मांग
Gaya: गया नगर निगम के वार्ड संख्या-11 में जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के वार्ड से बाहर संचालित होने का मामला सामने आया है। वार्ड पार्षद कुंदन कुमार ने इसे आम नागरिकों से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सभी PDS दुकानों का संचालन संबंधित वार्ड के भीतर ही सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पांच PDS दुकानों में चार वार्ड से बाहर संचालित
पार्षद कुंदन कुमार के अनुसार, वार्ड संख्या-11 में कुल पांच जन वितरण प्रणाली की दुकानें हैं। इनमें से केवल सुरेश प्रसाद की दुकान वार्ड के अंदर संचालित हो रही है। वहीं पप्पू चौधरी, रामदहीन प्रसाद, दिनेश कुमार और दिनेश्वर शर्मा की PDS दुकानें वार्ड से बाहर उनके घर पर संचालित होने की बात कही गई है।

कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है राशन लेने
पार्षद ने कहा कि PDS दुकानों के वार्ड से बाहर संचालित होने के कारण वार्ड के लोगों को राशन लेने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि राशन लेने के लिए दूर जाने के दौरान रास्ते में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में लाभुकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए PDS दुकानों का संचालन संबंधित वार्ड में ही होना चाहिए।
SDO से जांच और कार्रवाई की मांग
वार्ड पार्षद ने SDO से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-11 के लिए आवंटित सभी जन वितरण प्रणाली की दुकानों का संचालन वार्ड के अंदर ही सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लोगों को सरकारी राशन लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़े।
पार्षद का कहना है कि इससे आम नागरिकों को जन वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले सरकारी राशन का लाभ आसानी से मिल सकेगा और उन्हें अनावश्यक परेशानी से भी राहत मिलेगी।







