Newshaat_Logo

21 अप्रैल से दौड़ शुरू: सुरक्षा प्रहरी भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, बिना एडमिट कार्ड एंट्री नहीं!

 
21 अप्रैल से दौड़ शुरू: सुरक्षा प्रहरी भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, बिना एडमिट कार्ड एंट्री नहीं!
Bihar news: बिहार विधान परिषद में सुरक्षा प्रहरी पदों पर बहाली की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। 21 अप्रैल से 28 अप्रैल तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (आरएफआईडी आधारित दौड़) का आयोजन पटना स्थित बिहार वेटनरी कॉलेज मैदान में किया जाएगा। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अभ्यर्थियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर तय समय से कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि जांच और प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। बिना एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा के दौरान अनुशासन को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग या किसी भी तरह की किताबें परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच से गुजरना होगा और देर से पहुंचने वालों को सीधे बाहर कर दिया जाएगा।

एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन माध्यम से ही डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए अभ्यर्थियों को बिहार विधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। डाक के माध्यम से कोई भी प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि यह भर्ती प्रक्रिया 2023 में शुरू हुई थी और अब इसकी शारीरिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए जरूरी स्पोर्ट्स शूज़ और उपयुक्त ड्रेस खुद ही लेकर आना होगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा की तारीख या समय में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।

यह परीक्षा न सिर्फ शारीरिक क्षमता की कसौटी है, बल्कि अनुशासन और तैयारी की भी बड़ी परीक्षा साबित होने वाली है।