Movie prime

थोड़ी देर में सिटी सेंटर के INNOX पहुंचेंगे राहुल गांधी, 400 लोगों के साथ देखेंगे 'फुले' मूवी

 

दरभंगा में NSUI के 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राहुल गांधी गुरुवार दोपहर 2 बजे पटना पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट से उनका काफिला सिटी सेंटर के लिए रवाना हो गया है। यहां राहुल प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ फुले मूवी देखेंगे। यह मूवी समाज सुधारक ज्योतिबा फुले पर आधारित है।

सिटी सेंटर के INNOX मूवी थिएटर के ऑडिटोरियम- 1 में 2.20 बजे से 5.20 बजे तक के शो के लिए 400 टिकट बुक किए गए हैं। फुले मूवी के शो के लिए स्पेशल पास बांटे गए हैं। इसमें राहुल गांधी की फोटो लगी है और उन्हें 'सामाजिक न्याय के नायक' बताया गया है। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की फोटो भी है।

खास बात ये है कि थिएटर में किसी भी नेता को एंट्री नहीं दी जाएगी। राहुल प्रदेशभर से आए अलग-अलग सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मूवी देखेंगे। मूवी के बाद वे मीडिया से बातचीत कर सकते हैं।
कांग्रेस के मुताबिक, शिक्षा न्याय संवाद’ कांग्रेस का नया जनसंपर्क अभियान है। इसका मकसद बिहार में शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति को उजागर करना है। शिक्षा संवाद में मिले फीडबैक के आधार पर कांग्रेस न्याय पत्र तैयार करेगी और ये बिहार चुनाव के मेनिफेस्टो का हिस्सा होगा।

कांग्रेस का यह ‘शिक्षा न्याय संवाद’ पहली बार है। इससे पहले कांग्रेस ने आज तक इस तरह का कार्यक्रम नहीं किया है। यह संवाद कार्यक्रम बिहार में डेढ़ महीने चलेगा। जहां अप्रूवल मिलेगा वहां शैक्षणिक संस्थानों में होगा और जहां अप्रूवल नहीं मिलेगा वहां कैंपस के गेट पर होगा।