Newshaat_Logo

दानापुर मंडल में OHE तार टूटने से रेल सेवा ठप, मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों फंसीं

 
दानापुर मंडल में OHE तार टूटने से रेल सेवा ठप, मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों फंसीं

Bihar news: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल में बुधवार सुबह ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार टूटने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। हथिदह अपर और राजेंद्र पुल स्टेशन के बीच हुई इस तकनीकी खराबी के कारण मौर्य एक्सप्रेस, नमो रैपिड रेल समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन घंटों बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस सुबह करीब 8:50 बजे हथिदह अपर स्टेशन से गुजर रही थी, तभी लोको पायलट ने ओएचई तार टूटने की सूचना दी। तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन को राजेंद्र पुल पर ही रोकना पड़ा, जिससे रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मोकामा से रेलवे की तकनीकी टीम विशेष रेल वाहन के जरिए मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। इसके बाद मौर्य एक्सप्रेस को सुबह 11:49 बजे आगे के लिए रवाना किया गया।

इस दौरान जयनगर-पटना नमो रैपिड रेल भी राजेंद्र पुल स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक खड़ी रही और दोपहर 12:03 बजे मोकामा की ओर रवाना हो सकी। वहीं, सहरसा-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस, कमला गंगा एक्सप्रेस, कटिहार एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर-सहरसा एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।

बरौनी, मोकामा और किऊल के बीच विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनें दो से तीन घंटे तक खड़ी रहीं। चूंकि यह रेलखंड पटना-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग और पटना-गुवाहाटी रूट का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इस व्यवधान का असर बिहार के साथ-साथ पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा।

भीषण गर्मी के बीच घंटों तक ट्रेनों के रुके रहने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा बीच में ही रद्द कर दी, जबकि कुछ लोग सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए।

रेल प्रशासन ने बताया कि ओएचई तार टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।