राजनाथ सिंह का पटना से सियासी संदेश: कहा- "विकसित भारत का रास्ता विकसित बिहार से ही निकलेगा"
Patna: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजधानी पटना से विपक्ष और विकास दोनों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने तय किया है कि विकसित भारत की ओर बढ़ते रास्ते की शुरुआत विकसित बिहार से होगी।" उन्होंने कहा कि बिहार अब दोराहे पर खड़ा है एक रास्ता विकास का है, दूसरा फिर से अराजकता और अपराध की ओर ले जाने वाला।
बिहार को बताया 'विकास इंजन'
राजनाथ सिंह ने पूर्वी भारत की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, जैसे एशिया के पूर्वी देश दुनिया की तरक्की के इंजन बने, वैसे ही बिहार और अन्य पूर्वी राज्य विकसित भारत के निर्माण में इंजन की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वही बिहार, जिसे पहले दुनिया उपेक्षा की नजर से देखती थी, अब देश के लिए प्रेरणा बन सकता है।
बीएलओ और वोटर लिस्ट सुधार पर क्या बोले?
रक्षा मंत्री ने बताया कि चुनाव आयोग ने SIR (Special Intensive Revision) के तहत मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू किया है। ये प्रक्रिया पहले भी होती रही है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल इसे लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने दो टूक कहा कि कुछ नेता SIR को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि यह पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा है। ऐसे प्रयास लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं।
विपक्ष पर तीखा हमला
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद जैसे मुद्दों पर कांग्रेस और कुछ दलों का रुख हमेशा ढुलमुल रहा है। उन्होंने 2014 से पहले की स्थिति को याद दिलाते हुए कहा, उस दौर में कोई दिन ऐसा नहीं जाता था जब किसी शहर में बम विस्फोट ना होता हो। देश में असुरक्षा का माहौल था। पटना के गांधी मैदान में हुए सीरियल ब्लास्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस वक्त की सरकार की लापरवाही से आतंकी एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देते थे, क्योंकि उन्हें कार्रवाई का डर नहीं था।
राहुल गांधी पर तंज
राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए रक्षा मंत्री ने तंज कसा। राहुल गांधी कहते हैं कि उन्होंने वोटिंग में धांधली पर 'परमाणु बम' जैसा सबूत तैयार किया है। अगर ऐसा है तो उसका 'परमाणु परीक्षण' तुरंत किया जाना चाहिए।राजनाथ ने दो टूक कहा कि विपक्ष के पास न कोई तथ्य है, न प्रमाण। सिर्फ भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।







