अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य आयोजन, राजयोगिनी बीके संगीता दीदी ने दिया योग और आध्यात्मिकता का संदेश
Bihar news: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को आयुष मंत्रालय और बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कंकड़बाग में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बिहार सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, मंत्री मंगल पांडेय, विधायक संजय कुमार गुप्ता, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी अमित रंजन, पटना की मेयर सीता साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रख्यात राजयोगिनी बीके संगीता दीदी रहीं। उन्होंने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवन का आधार बताया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में बीके संगीता दीदी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग और राजयोग ध्यान तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी सशक्त बनाता है। बीके संगीता दीदी ने लोगों से नियमित योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।







