Movie prime

पटना में रामनवमी की धूम, शाम में 53 शोभायात्राएं डाकबंगला चौराहे पर पहुंचेगी

 
रामनवमी

राजधानी पटना में रामनवमी पर इस बार भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के तत्वावधान में हर साल रामनवमी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है. पटना के विभिन्न स्थानों से निकलने वाली शोभायात्राओं के स्वागत के लिए मुख्य मंच पूरी तरह से सजकर तैयार है. 

मुख्य मंच पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, विधानपरिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह,उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा के अलावा केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राज्यसभा उपेन्द्र कुशवाहा, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद, सरकार में शामिल मंत्री, सांसद,विधायक कार्यक्रम में शामिल होंगे.

पिछले पंद्रह वर्षों से रामनवमी पर शोभायात्राओं के स्वागत के लिए श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति डाकबंगला चौक पर स्वागत की भव्य तैयारी करती है. सबसे पहले कंकड़बाग स्थित साई मंदिर से शोभायात्रा श्री रामचौक डाकबंगला चौराहे पर पहुंचती है जहां आरती से शोभायात्रा का स्वागत किया जाता है. इस वर्ष कुल मिलाकर 53 शोभायात्राएं राजधानी पटना के अलग-अलग स्थानों से विभिन्न पूजा कमेटियों के बैनर तले निकाली जाएंगी.

शोभायात्राओं में भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सुंदर झांकियों के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा. अयोध्या में नवनिर्मित श्री रामलला मंदिर की प्रतिकृति के अलावा श्री रामलला की साढ़े नौ फीट की प्रतिमा, साथ ही हनुमान जी की दस फीट की प्रतिमा भी रामनवमी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण होगा. इसके अलावा देशभर के कलाकार भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे.

जहां एक ओर पटना की विभिन्न पूजा समितियों ने कलाकारों को भी अपने झांकी का हिस्सा बनाया है तो वही मुख्य मंच के समीप गंगा आरती, डमरू की डम डम के साथ ही महाराष्ट्र के विशेष बैंड राजधानीवासियों का मन मोह लेंगे. इस पूरे आयोजन में झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छतीसगढ़ तथा महाराष्ट्र के कलाकार मिलजुलकर पूरे सौहार्द के साथ पटना में रामनवमी के त्योहार को मनाएंगे.

अभिनंदन समिति के संयोजक नितिन नवीन ने राजधानी पटना के सभी धर्मावलंबियों को इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया है और पूरे उत्साह-उमंग के साथ मिलजुलकर रामनवमी मनाने की अपील की है. उन्होंने बताया कि लगभग 2 लाख से भी ज़्यादा श्रद्धालु पटना के श्री राम चौक डाकबंगला पर पटना के विभिन्न स्थानों से निकालने वाली मनोरम झांकियों का आनंद लेने आते है, भविष्य में यह आयोजन पटना की सांस्कृतिक पहचान बने इस के लिए लगातार प्रयास जारी है