गर्मी से राहत लेकिन तूफान ने बढ़ाई दहशत, अगले 7 दिनों तक मौसम रहेगा खतरनाक
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। 19 जिलों में यलो अलर्ट जबकि 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि का खतरा भी बना रहेगा।
इन जिलों में ज्यादा खतरा
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज तूफान और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तर बिहार में तेज हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, जबकि दक्षिण बिहार में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बिहार के ऊपर गुजर रही जेट स्ट्रीम की वजह से मौसम पूरी तरह बदल गया है। पिछले करीब 15 दिनों से पूर्वा हवाएं लगातार नमी लेकर आ रही हैं, जिससे राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। यही कारण है कि बिहार में सामान्य से करीब 180 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
8 मई का तूफान बना था आफत
8 मई को आई तेज आंधी और बारिश ने पटना समेत कई जिलों में भारी तबाही मचाई थी। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए थे, जबकि जलजमाव और अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी। हालात ऐसे थे कि एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमों को लगातार दो दिनों तक राहत और सफाई अभियान चलाना पड़ा।
12-13 मई को फिर भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को फिर से तेज बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस बदले मौसम के कारण फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलती रहेगी। विभाग के मुताबिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा, लेकिन 20 मई के बाद गर्मी फिर से अपना असर दिखा सकती है।







