गृह सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु कई आवश्यक निर्देश
Patna News: बिहार के गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार की अध्यक्षता में गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस मुख्यालय, आधुनिकीकरण प्रभाग, प्रोविजनिंग प्रभाग, साइबर प्रभाग, मद्य निषेध एवं स्वापक ब्यूरो, प्रशिक्षण प्रभाग, ईआरएसएस (ERSS) परियोजना, सुरक्षा प्रभाग, विशेष शाखा, सीआईडी प्रभाग, कमजोर वर्ग प्रभाग, रेल पुलिस प्रभाग, यातायात प्रभाग, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस सहित अन्य संबंधित प्रशाखाओं के लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित प्रभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से लंबित मामलों के प्रतिवेदन गृह सचिव के समक्ष प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान नए पदों के सृजन, थाना सृजन, रेल थाना सृजन, सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय की स्थापना, आउट पोस्ट सृजन, यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना, एम्स थाना, हवाई अड्डा थाना, साइबर थाना एवं नक्सल थाना सृजन, टीओपी सृजन, नियमानुसार प्रोन्नति, पुलिस पदक, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री, भूमि हस्तांतरण एवं अधिग्रहण, सीसीटीएनएस परियोजना, ईआरएसएस परियोजना, डीआरसीएस पोर्टल का विकास, विभिन्न थानों का क्षेत्राधिकार निर्धारण, वाहनों का क्रय, पुलिस अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, क्षमतावर्धन तथा तकनीकी उन्नयन आदि सहित अन्य लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बीते 18 जुलाई को समीक्षा के क्रम में गृह सचिव कुंदन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। संबंधित अधिकारियों को संबोधित करते हुए गृह सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि गृह विभाग एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा राज्य में विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन, अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम पंकज कुमार दाराद, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण एवं एससीआरबी) अजिताभ कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं विशेष निगरानी इकाई (अतिरिक्त प्रभार) सुधांशु कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (आर्थिक अपराध इकाई) अमित कुमार जैन, अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) पारस नाथ, अपर पुलिस महानिदेशक (बीएसएपी) नैयर हसनैन खान, आईजी (मुख्यालय) मनोज कुमार, गृह विभाग के विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह एवं अनिल कुमार चौधरी, संयुक्त सचिव कमल नयन सहित गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी तथा संबंधित प्रशाखाओं के अधिकारी भी उपस्थित थे।







