‘अभियान बसेरा’ पर RLM का समर्थन, उपेंद्र कुशवाहा बोले- हर भूमिहीन परिवार को मिले अपने आशियाने का हक
Bihar news: बिहार सरकार की ओर से गरीब और भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए ‘अभियान बसेरा’ को राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने स्वागत योग्य कदम बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जिन परिवारों के पास वर्षों से अपना घर बनाने के लिए जमीन नहीं है, उनके लिए यह पहल उम्मीद की नई राह खोल सकती है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि अपना घर किसी भी परिवार के लिए सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। बिहार में लंबे समय से ऐसे परिवार मौजूद हैं, जिनके पास घर बनाने के लिए खुद की जमीन नहीं है। ऐसे परिवारों की पहचान कर उन्हें आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की पहल से उनके जीवन में स्थायित्व आ सकता है।
पात्र परिवारों तक पहुंचे योजना का लाभ
RLM अध्यक्ष ने सरकार और प्रशासन से इस अभियान के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीन आवंटन की प्रक्रिया में वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों की सही पहचान सबसे जरूरी है।
उन्होंने जोर दिया कि अभियान का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर भी इसका असर दिखाई दे। अंतिम पायदान पर खड़े पात्र परिवार तक बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन को पूरी गंभीरता से काम करना चाहिए।
‘घर का मतलब सिर्फ छत नहीं, सम्मान भी’
RLM के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश कुमार ने भी ‘अभियान बसेरा’ को गरीब और भूमिहीन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के पास अपनी जमीन और घर होना केवल सिर पर छत उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और भविष्य की स्थिरता भी जुड़ी होती है।
उन्होंने कहा कि अगर अभियान को सही तरीके से लागू किया गया तो लंबे समय से जमीन के अभाव में अपना घर नहीं बना पा रहे परिवारों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
समयबद्ध कार्रवाई की मांग
रजनीश कुमार ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक स्तर पर तेजी के साथ-साथ निष्पक्षता और पारदर्शिता भी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार पात्र भूमिहीन परिवारों को चिह्नित करने और उन्हें आवासीय जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तय समय में आगे बढ़ाएगी।
RLM की ओर से कहा गया कि अभियान का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब जरूरतमंद परिवारों तक इसका लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे और उन्हें अपने घर का सपना पूरा करने के लिए जमीन मिल सके।







