Newshaat_Logo

NEET विवाद पर बिहार में फिर बवाल, कटिहार में उग्र हुआ छात्रों का प्रदर्शन; समाहरणालय गेट तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

 
NEET विवाद पर बिहार में फिर बवाल, कटिहार में उग्र हुआ छात्रों का प्रदर्शन; समाहरणालय गेट तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Bihar news: NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ बिहार में छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। गुरुवार को कटिहार में प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के मुख्य द्वार से अंदर जाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, छात्र नगर भवन से मार्च निकालकर समाहरणालय पहुंचे थे। यहां अचानक प्रदर्शन उग्र हो गया और प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट को तोड़कर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव शुरू हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से हट गए। घटना के दौरान समाहरणालय के बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए कटिहार के जिलाधिकारी ने घटना का संज्ञान लिया है। प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही, प्रदर्शन के दौरान पथराव और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पटना समेत कई जिलों में प्रदर्शन

NEET विवाद को लेकर पटना में भी छात्रों का विरोध जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। इससे पहले पटना में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया।

बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों के आंदोलन के बीच NEET परीक्षा को लेकर सियासी पारा भी चढ़ा हुआ है। विपक्षी दल छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेर रहे हैं और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।