Movie prime

परीक्षा केंद्र पर बवाल: लेट पहुंचे शिक्षक की एंट्री पर अभिभावकों ने लगाया ब्रेक, गेट पर गरमा गया माहौल

 
परीक्षा केंद्र पर बवाल: लेट पहुंचे शिक्षक की एंट्री पर अभिभावकों ने लगाया ब्रेक, गेट पर गरमा गया माहौल
Bihar news: मोतिहारी के पिपरा आदर्श परीक्षा केंद्र स्थित महावीर उच्च विद्यालय के बाहर उस वक्त माहौल गरमा गया, जब एक शिक्षक निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचे और अंदर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। यह देख मौके पर मौजूद अभिभावकों ने कड़ा विरोध जताया और उन्हें गेट पर ही रोक दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट शिक्षक को अंदर भेजने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अभिभावकों ने नियमों का हवाला देते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते गेट के पास भीड़ जमा हो गई और बहस तेज हो गई।

अभिभावकों का कहना था कि जब छात्रों और अन्य कर्मियों के लिए समय का कड़ाई से पालन कराया जाता है, तो शिक्षकों के लिए अलग नियम क्यों हों। बढ़ते विरोध और शोर-शराबे के बीच स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बन गई।

लगातार विरोध के बाद संबंधित शिक्षक को बिना प्रवेश किए ही वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद कुछ समय तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी