मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पटना से बाहर निकले सम्राट चौधरी, परिवार के साथ सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ का दर्शन किए
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर सोनपुर पहुंचे। उन्होंने बाबा हरिहरनाथ की पूजा-अर्चना के साथ ही लघु रुद्राभिषेक भी किया। मंदिर कमेटी ने प्रतीक चिह्न, शॉल, बुके और फूल-माला के साथ सीएम का स्वागत किया। मंदिर कमेटी के लोगों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर का विकास हो रहा है। कॉरिडोर के निर्माण के साथ इसे हम लोगों ने गोद भी लिया है। लगभग 35 मिनट तक पूजा करने के बाद पटना वापस लौट गए। सख्त सुरक्षा की वजह से कार्यकर्ताओं को सिर्फ सीएम के स्वागत का ही मौका मिल पाया।
बताया जा रहा है कि सीएम सम्राट चौधरी का सोनपुर दौरा अनाचक तय हुआ। शु्क्रवार सुबह तक स्थानीय प्रशासन को इस बारे में कोई निर्देश नहीं मिले थे। जैसे ही सीएम के आगमन की सूचना मिली, जिला प्रशासन और मंदिर कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दीं। मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। जिले के वरीय अधिकारी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। सम्राट बाबा हरिहर नाथ धाम में दर्शन के लिए पहले भी आते रहे हैं, लेकिन सीएम बनने के बाद उनका यह पहला सोनपुर दौरा है। गंगा और गंडक नदी के संगम पर स्थित सोनपुर मे भगवान विष्णु और शिव को समर्पित प्राचीन मंदिर है।
सम्राट चौधरी ने एक दिन पहले गुरुवार को तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब गुरुद्वारा में भी मत्था टेका था। बुधवार को सीएम पद की शपथ लेने से पहले वह पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे थे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया था। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद दो दिन पटना में ही सक्रिय रहे। दोनों दिन उन्होंने वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें योजनाओं को समय से पूरा करने समेत अन्य दिशानिर्देश दिए। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहले दिन उनका भाजपा कार्यालय में अभिनंदन भी हुआ था। इसके बाद गुरुवार को उनके आवास पर कई विधायक, एमएलसी एवं जनप्रतिनिधि अभिनंदन के लिए पहुंचे थे।
शुक्रवार सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में जनगणना के प्रथम चरण की शुरुआत की। सुबह सीएम के आवास पर जनता दरबार भी लगा। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और नवनियुक्त मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्या रखी। फिर दोपहर में वे सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ का दर्शन करने पहुंचे।







