Newshaat_Logo

मकई के खेत में मिली स्वच्छता सुपरवाइजर की लाश, बख्तियारपुर में सनसनी- हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

 
मकई के खेत में मिली स्वच्छता सुपरवाइजर की लाश, बख्तियारपुर में सनसनी- हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
Bihar News: पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चकदौलत गांव के पास मकई के खेत से स्वच्छता सुपरवाइजर का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान डोमा पंचायत के स्वच्छता सुपरवाइजर शिव सत्य कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत के पीछे की वजह क्या है। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, बाढ़ भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।

इस घटना के बाद डोमा पंचायत के कर्मियों और मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत की असल वजह उजागर करेगी।