Newshaat_Logo

पटना के अटल पथ पर मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, कई लोगों को कुचला; 1 की मौत, 6 घायल

पटना के अटल पथ पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया।
 
Patna

पटना के अटल पथ पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। आरोप है कि चालक रफ ड्राइविंग करते हुए राहगीरों को कुचलकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पलटने के बाद स्कॉर्पियो हवा में उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी।

करीब 200 मीटर के दायरे में मची तबाही

हादसा इतना भीषण था कि करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए। सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया। हादसे के बाद सड़क किनारे घायल लोग तड़पते नजर आए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करने की कोशिश की। सड़क पर स्कॉर्पियो के कांच के टुकड़े और राहगीरों का सामान बिखरा पड़ा था। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्कॉर्पियो पर लगा था JDU का झंडा

जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, उस पर जनता दल यूनाइटेड यानी JDU का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच ले जाया गया है।

फिलहाल घायलों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।