Movie prime

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने बिहार को जकड़ा, 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट—पटना सबसे ठंडा, जनजीवन ठप

 
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने बिहार को जकड़ा, 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट—पटना सबसे ठंडा, जनजीवन ठप

Bihar Weather Report: बिहार में सर्दी ने इस बार लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार घने कोहरे और ठंडी पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कई दिनों से धूप नहीं निकलने की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है और लोग मजबूरन घरों में रहने को विवश हैं।

शुक्रवार देर रात से ही पटना, अरवल, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण समेत राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छा गया। शनिवार सुबह हालात और गंभीर हो गए। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा।

अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिसंबर के बचे हुए दिनों में कोहरे और कोल्ड डे से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर की सुबह तक पटना, मुजफ्फरपुर, गया, पश्चिम चंपारण, कैमूर, किशनगंज, जमुई समेत पूरे बिहार में अत्यंत घने कोहरे और शीत दिवस को लेकर चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए राज्यभर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

31 दिसंबर तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 से 30 दिसंबर की सुबह तक भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल सहित उत्तर बिहार के जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। वहीं पटना, गया, जमुई और बांका समेत 13 जिलों में इस अवधि के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।

30 से 31 दिसंबर की सुबह तक पश्चिमी बिहार के जिलों में ठंड और कोहरे का असर जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ अन्य इलाकों में हल्की राहत मिल सकती है।

पटना सबसे ठंडा शहर

पिछले 24 घंटों में दिन का अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। शुक्रवार को राजधानी पटना राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मुजफ्फरपुर में 15.2 डिग्री, जबकि जिरादेई और समस्तीपुर में 15.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

38 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबौर और औरंगाबाद में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाल्मीकिनगर, छपरा, डेहरी, गया, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, भागलपुर और अगवानपुर में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

शनिवार को बिहार के 38 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोजपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 20 से अधिक शहरों में सुबह-सुबह इतना घना कोहरा रहा कि विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।