Movie prime

बिहार में भयंकर लू चलने के आसार, बक्सर का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

 

राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर भागों में भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। सुबह से ही लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिहार के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों के अधिकतर स्थानों पर पारा 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बांका, नालंदा और शेखपुरा सहित कई जिलों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, राजधानी पटना, गया और नालंदा जिलों के कुछ स्थानों पर रात में भी मौसम के गर्म रहने की सम्भावना है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के मौसम में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

पछुवा हवा से पटना समेत कई जिले झुलस रहे हैं। जिस कारण इस सीजन में लगातार राजधानी पटना में गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। पटना रविवार को भीषण गर्मी की चपेट में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 8 जून को पटना का अधिकतम तापमान 43 और 38 मई को 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सूरज की तल्खी ने घरों में भी लोगों को गर्मी में बेचैन कर रखा है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को 20 दिनों के बाद कई जिलोें 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। जबकि कई जिलों का तापमान 45-45 डिग्री तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बक्सर का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना का अधिकतम तापमान भी 43.5 डिग्री, गया का 44.5, भोजपुर का 45.4, सासाराम का 44.5, अरवल का 44.5, औरंगाबाद का 44.9 और नालंदा का 43.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जमुई का 43.0, नवादा का 44.3, मुंगेर का 43.3, भागलपुर का 40.5 बांका का 44.1, कटिहार का 35, पूर्णिया का 35, अररिया का 33.1, सुपौल का 36.2, सीतामढ़ी का 39.4, मुजफ्फरपुर का 36.3 और मोतिहारी का 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिहार के 14 जिलों में भीषण गर्मी और लू को लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बेगूसराय, पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, आरा, औरंगाबाद, सासाराम, नालंदा, नवादा और बांका जिला शामिल है।