Newshaat_Logo

पटना में भीषण गर्मी का कहर: 30 जून तक आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

 
पटना में भीषण गर्मी का कहर: 30 जून तक आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

 

Patna News: राजधानी पटना में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 30 जून तक रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और दोपहर के समय अत्यधिक तापमान का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश लागू किया गया है।

डीएम के निर्देश के मुताबिक, जिले के सभी सरकारी, निजी और प्री-स्कूलों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 29 जून से 30 जून 2026 तक स्थगित रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करें।

हालांकि, कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाओं के संचालन को लेकर विद्यालय अपने स्तर पर मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक निर्णय ले सकेंगे।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम जताई है, जिसके मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।