लखीसराय में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में 5 की मौत, 4 गंभीर
बिहार के लखीसराय में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर स्क्रैप में तब्दील हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तेतरहाट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के शव भी सदर अस्पताल भेजे गए हैं। मृतकों में एक दंपती और 14 साल का एक बच्चा भी शामिल है। वहीं, चारों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हुई है। इसमें पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
डीएसपी के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के ढाका थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वे मोतिहारी से झारखंड जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है







