Newshaat_Logo

बिहार दौरे पर शिवराज सिंह चौहान का विकास संदेश, किसानों से संवाद से लेकर PMCH निरीक्षण तक कई कार्यक्रमों में रहे सक्रिय

 
बिहार दौरे पर शिवराज सिंह चौहान का विकास संदेश, किसानों से संवाद से लेकर PMCH निरीक्षण तक कई कार्यक्रमों में रहे सक्रिय
Bihar news: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बिहार दौरा बुधवार को विकास, कृषि, स्वच्छता और जनसंपर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए बिहार में चल रही विकास योजनाओं का भी जायजा लिया।

दौरे की शुरुआत पटना के ऐतिहासिक गोलघर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान से हुई, जहां शिवराज सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है और इसे नागरिक कर्तव्य के रूप में अपनाने की आवश्यकता है।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने और केंद्र-राज्य समन्वय को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

पटना के एमएलए फ्लैट परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं ‘प्रगति पथ यात्रा’ के दौरान अटल पथ सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री ने पीएमसीएच के नवनिर्मित भवन का भी अवलोकन किया और स्वास्थ्य सुविधाओं में हो रहे विस्तार को बिहार के लिए सकारात्मक बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे से आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विद्यापति भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रेलवे, आवास, महिला सशक्तिकरण, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, जिसका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बिहार को ज्ञान, संस्कृति और तप की भूमि बताते हुए कहा कि राज्य विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

दौरे के अंतिम चरण में नौबतपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा परीक्षण और किसान हित की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है।

अपने पूरे दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि केंद्र सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है। साथ ही उन्होंने बिहार को विकास और कृषि सुधार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिया।