सूचना विभाग संभालते ही एक्शन मोड में श्रवण कुमार, बोले- फेक न्यूज पर होगी त्वरित कार्रवाई
पदभार संभालने के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच सबसे अहम कड़ी है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाना विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाया जाएगा।
सोशल मीडिया पर रहेगा खास फोकस
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी खबरों पर विभाग तुरंत तथ्यात्मक जवाब दे और आधिकारिक हैंडल से उनका खंडन करे, ताकि लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम पैदा न हो।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रसारण की प्रक्रिया को तेज, सटीक और समयबद्ध बनाया जाएगा, ताकि जनता तक हर जरूरी जानकारी बिना देरी पहुंचे।
“बिहार की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे मजबूत”
श्रवण कुमार ने बिहार की सकारात्मक छवि को राज्य के बाहर मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए बिहार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को देशभर में प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण इलाकों तक भी सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए नई तकनीकों और रचनात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जाए।
विभागीय व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मंत्री ने विभाग में मानव संसाधन की कमी को जल्द दूर करने का निर्देश देते हुए कहा कि कामकाज में किसी तरह की बाधा या देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की जरूरत पर भी बल दिया।
इस मौके पर मनजीत सिंह, रामविलास कामत समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







