श्रावणी मेला 2026 का भव्य आगाज़: बिहार के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होगी श्रावणी यात्रा, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान
Bihar news: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हो गया। बांका जिले के अबरखा में आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पीएचईडी मंत्री संजय सिंह और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की। इसके साथ ही एक माह तक चलने वाले आस्था के इस महापर्व का विधिवत आगाज़ हो गया।
स्कूलों में पढ़ाई जाएगी श्रावणी मेले की विरासत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देखते हुए इसे जल्द ही बिहार के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उनका कहना था कि इससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक धरोहर और इस विश्वप्रसिद्ध मेले की परंपराओं से बेहतर तरीके से परिचित हो सकेगी।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि कांवरिया पथ पर साफ-सफाई, पेयजल, विश्राम और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन 24 घंटे सक्रिय रहेगा और किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
सरकार की प्राथमिकता है श्रद्धालुओं की सुरक्षा
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, ठहरने की सुविधा और सुरक्षा प्रबंधों को पहले की तुलना में और अधिक मजबूत बनाया गया है, ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भक्तिमय माहौल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उद्घाटन समारोह में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अबरखा से लेकर पूरे कांवरिया पथ तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरा इलाका ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा है। प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष श्रावणी मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए हर स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं।







