Newshaat_Logo

सीवान एसपी हटाए गए, रौशन छपरा के नए एसएसपी; बिहार में 18 आईपीएस और डीएसपी का ट्रांसफर

 
सीवान एसपी हटाए गए, रौशन छपरा के नए एसएसपी; बिहार में 18 आईपीएस और डीएसपी का ट्रांसफर

 

 

 

Newshaat Dedk: बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस और कई डीएसपी का तबादला कर दिया गया है। सीवान एसपी पूरन कुमार झा को हटा दिया गया है। छपरा में रौशन कुमार को नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, रोहतास, भोजपुर, और नालंदा जिले के एसपी भी बदले गए हैं। गृह विभाग ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी की।

बिहार की सम्राट सरकार ने सीवान के एसपी पूरन कुमार झा को पद से हटा दिया है। उनकी जगह भारत सोनी को सीवान का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार को छपरा का नया एसएसपी बनाया गया है। भोजपुर के एसपी मिस्टर राज का रोहतास तबादला कर दिया गया है। भोजपुर और नालंदा जिले में भी नए एसपी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बिहार पुलिस सेवा के कई डीएसपी भी इधर-उधर किए गए।

छपरा (सारण) के मौजूदा वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) में एसपी बनाकर भेजा गया है। विनीत 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी जगह 2019 बैच के आईपीएस रौशन कुमार को छपरा का नया एसएसपी बनाया गया है। सीवान जिले के एसपी पूरन कुमार झा को पद से हटाते हुए उन्हें पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया है। राज्य सरकार ने फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी है। 

दरअसल, पिछले महीने छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में पुलिस द्वारा एके 47 से फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर विपक्ष द्वारा लगातार सरकार से एसपी पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में बुधवार को राजद ने लोकभवन मार्च का भी ऐलान किया है। तेजस्वी का आरोप है कि एसपी के कहने पर ही छात्रों पर एके 47 से गोली चलाई गई थी।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी अब सीवान के नए एसपी होंगे। वह 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। भोजपुर के एसपी मिस्टर राज का रोहतास ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें रोहतास का नया एसपी बनाया गया है। राज भी 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसी बैच के आईपीएस अवदेश दीक्षित को भोजपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनका बिहार पुलिस मुख्यालय से ट्रांसफर कर दिया गया है। अब तक वह मुख्यालय में एसपी (कार्मिक-1) के पद पर तैनात थे। बिहार सरकार ने आईपीएस हृदय कांत को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। उनका एटीएस से तबादला किया गया है। हृदय कांत 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

वहीं, अनिल कुमार को डीआईजी वायरलेस एवं तकनीकी सेवाएं से डीआईजी मद्यनिषेध एवं एएनटीएफ बनाया गया है। मृत्युंजय कुमार चौधरी को डीआईजी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से डीआईजी नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव रंजन-2 को डीआईजी मानवाधिकार से डीआईजी विशेष निगरानी इकाई बनाया गया है। अजय कुमार पाण्डेय को डीआईजी मद्यनिषेध एवं एएनटीएफ से डीआईजी वायरलेस एवं तकनीकी सेवाएं भेजा गया है। आमीर जावेद को डीआईजी कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग, सीआईडी से डीआईजी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बनाया गया है।

इसी तरह मिथिलेश कुमार को एसपी ईआरएसएस से समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर भेजा गया है। सुशील कुमार को डीआईजी विधिक मामले एवं नियम के साथ डीआईजी मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राजेश कुमार को एसपी साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई से एसपी एएनटीएफ मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो भेजा गया है।तबादला सूची में 2010 से 2022 बैच तक के आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। अधिकारियों को मद्य निषेध, निगरानी, विशेष निगरानी इकाई, ATS, मानवाधिकार, नागरिक सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।