एनएसएस के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर हरियाणा में भाग लेंगे बिहार के छह स्वयंसेवक
मुजफ्फरपुर: राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित और भारत सरकार, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, युवा कार्य एवं खेल विभाग द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर गुरु जाम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार, हरियाणा में दिनांक 22 से 28 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित हो रहा है, उस शिविर में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के छह स्वयंसेवक भाग लेने रवाना हो गये हैं. जिसमें तीन स्वयंसेविका एवं तीन स्वयंसेवक हैं.
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने बताया कि ये छह स्वयंसेवक बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के स्वयंसेवक हैं. जिनमें एल एस काॅलेज़, मुजफ्फरपुर की प्रकृति कश्यप, एमडीडीएम काॅलेज, मुजफ्फरपुर की सिद्धिका गुप्ता, केसीटीसी काॅलेज, रक्सौल की सिमरन खातून एवं तीन स्वयंसेवक में एलएनटी काॅलेज, मुजफ्फरपुर के ऐश्वर्य आनंद, नीतिश्वर काॅलेज़, मुजफ्फरपुर के प्रभात रंजन एवं एलएनडी काॅलेज, मोतिहारी के अभिषेक कुमार का नाम शामिल है. इन स्वयंसेवकों का चयन आनलाईन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया था जो कि 19 सितम्बर, 2026 को तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ राहुल कुमार ने साक्षात्कार लिया था.
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में प्रतिभागिता कर रहे स्वयंसेवकों के नाम बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलपति प्रो दिनेश चंद्र राय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर केवल एक शिविर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को जीने का अवसर है. यहां देश के अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए युवा एक ही लक्ष्य के लिए एकत्रित होते हैं - राष्ट्र सेवा का लक्ष्य. मुझे हर्ष है कि हमारे विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक इस राष्ट्रीय महायज्ञ में भाग लेने जा रहे हैं. आप सभी इस विश्वविद्यालय के ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार और भारत की युवा शक्ति के प्रतिनिधि हैं.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. विपिन राय, डीएसडब्ल्यू प्रो आलोक प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो समीर कुमार शर्मा, उप कुलसचिव डॉ अमर बहादुर शुक्ला तथा अन्य सभी पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया और सभी स्वयंसेवकों के साथ कार्यक्रम समन्वयक डॉ अनुराधा पाठक को बधाई दी.
बता दें कि 22 अक्टूबर 2026 से हिसार, हरियाणा में आरंभ होने वाले इस शिविर में झारखंड से आठ स्वयंसेवक एवं बिहार से छह स्वयंसेवक तथा झारखंड राज्य की दलनायक सहित कुल 15 लोगों की टीम बिहार-झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही है. राष्ट्रीय सेवा योजना, भारत सरकार, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, युवा कार्य एवं खेल विभाग का स्वयंसेवी संगठन है. जिसकी ईकाई बिहार समेत पूरे देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालय और कॉलेजों में संचालित होती है.







