सीवान में AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान अभिषेक पटेल निलंबित, वायरल VIDEO के बाद एक्शन
Siwan News: नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीते 25 जुलाई शनिवार को बिहार बंद के दौरान हुए उग्र प्रदर्शन के बीच सीवान में AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जवान की पहचान एसआईटी टीम में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है.
बिहार बंद को सफल करने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सीवान के गांधी मैदान में जुटने लगे थे. इसके बाद प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने शहर के कई हिस्सों में हंगामा किया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी और गांधी मैदान व जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया. इस दौरान सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुरन कुमार झा घायल हो गए थे. उनके पैर में चोट लगी थी. वहीं कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए थे.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज किया गया. इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया. इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया. वीडियो वायरल होने के बाद इस कार्रवाई पर सवाल उठे, जिसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई.
प्रारंभिक जांच में जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है. यदि जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.







