Newshaat_Logo

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सात लोगों को रौंदा, दो युवकों की मौत, पांच घायल

 
Scorpio

पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र स्थित लालसरैया चौक पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दो युवकों ने दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल लोगों की पहचान लालसरैया निवासी 48 वर्षीय अशोक चौधरी, 41 वर्षीय लचिना चौधरी, 12 वर्षीय आराध्या कुमारी, 7 वर्षीय अनमोल चौधरी और 60 वर्षीय विनोद चंद्र सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा 26 वर्षीय मोहम्मद ओसामा और 26 वर्षीय सोनू आलम भी हादसे में घायल हुए थे। इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई।

मोहम्मद ओसामा बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी नेयाज आलम के बेटे थे। वहीं, सोनू आलम इसी इलाके के निवासी मोहम्मद सोहेब आलम के पुत्र थे। दोनों की उम्र 26 वर्ष थी।

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मोहम्मद ओसामा के पिता ने बताया कि बेटे की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सबकुछ उजाड़ दिया। नई जिंदगी की शुरुआत के महज तीन महीने बाद ही ओसामा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।