भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर मंथन, SSB और APF ने बनाई साझा रणनीति
Bihar news: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सोमवार को भीमनगर चेक पोस्ट पर भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों की अहम बैठक हुई। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (APF) के अधिकारियों ने सीमा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में खास तौर पर अवैध आवाजाही, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने को लेकर रणनीति पर विचार किया गया। सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थों की तस्करी और मानव तस्करी को गंभीर चुनौती मानते हुए दोनों पक्षों ने इससे निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत साझा करने पर सहमति
बैठक में तय किया गया कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों या किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी जानकारी मिलने पर दोनों देशों की एजेंसियां एक-दूसरे के साथ तत्काल सूचना साझा करेंगी। किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच संपर्क व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए अधिकारियों ने संयुक्त गश्त को अधिक प्रभावी और नियमित बनाने की जरूरत बताई। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बाढ़ की स्थिति से निपटने की भी हुई समीक्षा
मानसून के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की। आपदा की स्थिति में दोनों देशों की एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित सहयोग की व्यवस्था विकसित करने पर भी सहमति बनी।
अधिकारियों ने माना कि खुली सीमा होने के कारण भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां सामान्य सीमाओं की तुलना में अलग और अधिक जटिल हैं। ऐसे में सूचनाओं का आदान-प्रदान, आपसी विश्वास और नियमित समन्वय सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी है।
बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति जताई, ताकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण माहौल भी कायम रहे।
बैठक में 45वीं वाहिनी SSB की ओर से कमांडेंट गौरव सिंह, प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट हरजीत राव और निरीक्षक गिरिराज प्रसाद मीणा मौजूद रहे। वहीं नेपाल APF की ओर से 04 बटालियन के एसपी लभ कुमार सापकोटा, 06 बटालियन के एसपी नवीन सिंह राई, डीएसपी फुरजी शेरपा और इंस्पेक्टर बिंदुर कार्की सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।







