Newshaat_Logo

फिट इंडिया का संदेश लेकर निकले जवान: भारत-नेपाल सीमा पर SSB की साइकिल रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बगहा, बेतिया और नरकटियागंज में एक साथ चला जागरूकता अभियान, अधिकारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की
 
फिट इंडिया का संदेश लेकर निकले जवान: भारत-नेपाल सीमा पर SSB की साइकिल रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Bihar news: भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं, 44वीं और 65वीं बटालियन ने शनिवार को ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत पश्चिम चंपारण के बगहा, बेतिया और नरकटियागंज में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति जागरूक करना था।

बगहा में आयोजित मुख्य रैली की शुरुआत एसपी कार्यालय परिसर से हुई। साइकिल रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए करीब चार किलोमीटर की दूरी तय कर एसएसबी 21वीं वाहिनी परिसर पहुंची। रैली के दौरान जवानों और अधिकारियों ने नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए साइकिल के उपयोग का संदेश दिया।

इस अवसर पर बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल, 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, मुख्यालय डीएसपी दयानंद शर्मा और एसडीपीओ निहार भूषण समेत कई वरिष्ठ पुलिस एवं एसएसबी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

रैली के दौरान जवानों और अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने आम लोगों से भी इस अभियान से जुड़ने और दैनिक जीवन में व्यायाम तथा फिटनेस को प्राथमिकता देने की अपील की।

सीमाई क्षेत्र में आयोजित इस जागरूकता रैली ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।