Newshaat_Logo

पटना के प्रथमा ब्लड सेंटर को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मिला सम्मान, स्वैच्छिक रक्तदान में उत्कृष्ट योगदान को मिली पहचान

Patna:"यह सम्मान केवल प्रथमा ब्लड सेंटर का नहीं, बल्कि उन सभी निस्वार्थ स्वैच्छिक रक्तदाताओं, समाजसेवियों, रक्तदान शिविर आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं का है, जिनके समर्पण और सहयोग से हजारों जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर थैलेसीमिया एवं कैंसर से पीड़ित बच्चों और अन्य गंभीर रोगियों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सका.
 
PATNA

Patna: पटना स्थित प्रथमा ब्लड सेंटर के लिए यह गौरव का क्षण है. स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रथमा ब्लड सेंटर को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है.

patna

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रत्येक राज्य से एक सरकारी और एक चैरिटेबल/प्राइवेट ब्लड सेंटर को नामित किया जाना था. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा बिहार राज्य से प्रथमा ब्लड सेंटर, पटना (चैरिटेबल ट्रस्ट) को उसके उत्कृष्ट जनसेवा कार्यों के लिए नामित किया गया.

विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर 16 जून 2026 को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज एवं नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में वर्ष 2025–26 के दौरान बिहार में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने, व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, सफल रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा थैलेसीमिया, कैंसर एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रथमा ब्लड सेंटर को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

patna

यह सम्मान NBTC के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार एवं DGHS की उप निदेशक डॉ. मेघना के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया.

इसके अलावा, 14 जून 2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा मॉडल ब्लड बैंक, जयप्रभा, कंकड़बाग, पटना में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भी वर्ष 2025–26 के दौरान थैलेसीमिया मरीजों को सर्वाधिक रक्त उपलब्ध कराने के लिए प्रथमा ब्लड सेंटर को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

प्रथमा ब्लड सेंटर ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, रक्तदान शिविर आयोजकों, समाजसेवियों, सहयोगी संस्थाओं एवं शुभचिंतकों को देते हुए आभार जताया है. संस्था ने कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयास, विश्वास और सेवा-भाव का प्रतीक है, जिसके कारण हजारों जरूरतमंद मरीजों विशेषकर थैलेसीमिया और कैंसर से पीड़ित बच्चों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सका.

संस्था ने आमजन से अपील की है कि वे आगे भी “स्वैच्छिक रक्तदान – जीवनदान” के इस महाअभियान को मजबूती प्रदान करें.