Newshaat_Logo

छात्रों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, मंत्री रमा निषाद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 
छात्रों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, मंत्री रमा निषाद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Bihar news: बिहार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

पटना स्थित जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान के सभागार में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने जिला स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी और लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर जोर दिया।

छात्रावास और आवासीय विद्यालयों की सुविधाओं पर फोकस

बैठक में छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पढ़ाई से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को जल्द दूर करने के साथ छात्राओं के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल सुनिश्चित करने को कहा। भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया।

जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास और अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावासों में नामांकन, मेस संचालन, खाद्यान्न, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी, रसोइया और आरओ जैसी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा हुई।

वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालयों में सीसीटीवी, शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति, पोक्सो एवं पोश समितियों, आपातकालीन वाहन, एएनएम/जीएनएम और एचपीवी वैक्सीनेशन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

1.57 करोड़ रुपये के डीसी विपत्र लंबित

वित्तीय मामलों की समीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों में करीब 1.57 करोड़ रुपये के डीसी विपत्र लंबित पाए गए। मंत्री ने इनके समायोजन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा गोपालगंज और लखीसराय में लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्रों के जल्द निष्पादन को कहा गया। मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति और मेधावृत्ति योजनाओं के लाभुकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

विभाग और सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त परिवादों का भी तय समय में निपटारा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

जिला स्तर पर व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

समीक्षा बैठक में जिला स्तर पर विभागीय कामकाज को और बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें अधिकारियों के बीच स्पष्ट कार्य-विभाजन, अभिलेखों का पूरा प्रभार, नियमित निरीक्षण और बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

विभाग की ओर से अधिकारियों के लिए वाहन उपलब्ध कराने के साथ डाटा एंट्री ऑपरेटर, आईटी कर्मी और अन्य जरूरी मानव संसाधन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी गई।

अपर मुख्य सचिव ने बताया विभाग को सुदृढ़ करने की दिशा में काम

बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के. सेंथिल ने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन में विभागीय व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। जिला कल्याण पदाधिकारियों को स्वतंत्र रूप से काम करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से क्रियान्वयन हो सके।

उन्होंने आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ नियमित निरीक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।